सनराइजर्स हैदराबाद ने बुधवार को आईपीएल 2024 के मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। हैदराबाद की इस जीत के बाद मैदान पर एक दिलचस्प वाकया भी देखने को मिला। मैच के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका गुस्से में मैदान पर उतरे। उन्होंने टीम के कप्तान केएल राहुल और कोच गैरी स्टेडमैन से बातचीत की। गोयनका टीम के खराब प्रदर्शन से काफी नाराज थे। उन्होंने खिलाड़ियों को जमकर फटकार लगाई। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। कुछ का कहना है कि गोयनका इतने गुस्से में थे कि उन्होंने राहुल को कप्तानी से हटाने की धमकी भी दी। वहीं, कुछ का कहना है कि गोयनका ने टीम के प्रदर्शन में सुधार नहीं होने पर जुर्माना लगाने की बात कही है। आइए, यहां जानते हैं कि केएल राहुल पर तमतमाने वाले संजीव गोयनका कौन हैं, वह क्या कारोबार करते हैं और उनकी नेटवर्थ कितनी है।
आरपीएसजी ग्रुप के प्रमुख
संजीव गोयनका देश के जाने-माने उद्योगपति हैं। वह लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक हैं। गोयनका का जन्म 29 जनवरी, 1961 को कोलकाता में हुआ था। उनके पिता राम प्रसाद गोयनका ने आरपीजी एंटरप्राइज की स्थापना की थी। संजीव गोयनका आईआईटी खड़गपुर से पढ़े हुए हैं। उनका परिवार मारवाड़ी है। उनके भाई हर्ष गोयनका के नेतृत्व वाले आरपीजी समूह के अलग हो जाने के बाद संजीव गोयनका ने आरपीएसजी ग्रुप की कमान संभाली।
यह ग्रुप बिजली, ऊर्जा, रिटेल, मीडिया-मनोरंजन, एफएमसीजी, इंफ्रास्ट्रक्चर और शिक्षा सहित तमाम उद्योगों में शामिल हैं। संजीव ने 2011 में अंतरराष्ट्रीय समूह आरपीएसजी ग्रुप का गठन किया था। कलकत्ता इलेक्ट्रिक सप्लाई कॉरपोरेशन (सीईएससी) आरपीएसजी ग्रुप के प्रमुख उद्यम के रूप में काम करता है। संजीव गोयनका की कुल संपत्ति करीब 2.1 अरब डॉलर यानी 16,500 करोड़ रुपये है। वह भारत के 83वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं।
संजीव गोयनका के नेतृत्व वाले आरपीएसजी समूह ने 2021 में लखनऊ सुपरजायंट्स फ्रेंचाइजी को 7,090 करोड़ रुपये में खरीदा था। एलएसजी नई फ्रेंचाइजी है। 2023 तक लखनऊ सुपरजायंट्स चौथी सबसे मूल्यवान आईपीएल टीम बन गई। इसका अनुमानित मूल्य 1.075 मिलियन है।