गुजरात के सूरत में एक हादसा सामने आया है। सूरत के सचिन इलाके में एक बहुमंजिला बिल्डिंग गिर गई। इस बहुमंजिला बिल्डिंग के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। बचाव कार्य में जुटी टीमें मलबे को हटाकर जांच में जुटी हैं। अभी तक मौके से कोई जानहानि की पुष्टि नहीं हुई है। एक महिला को बचाया गया है। जानकारी में सामने आया है कि सूरत के जो बिल्डिंग गिरी है। वह सिर्फ आठ साल पुरानी थी। यह बिल्डिंग 2016 में बनी थी। ऐसे में सवाल खड़ा हो रहा है क्या बहुमंजिला बिल्डिंग के निर्माण में सही निर्माण सामग्री का इस्तेमाल नहीं हुआ था। इस बिल्डिंग में छह परिवारों के रहने की बात सामने आई है। सूरत के जिस इलाके में यह घटना हुई है वह सूरत महानगरपालिका (SMC) में आता है। इस बिल्डिंग की ऊंचाई छह मंजिल की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सूरत में बिल्डिंग गिरने की घटना दोपहर करीब 3 बजे हुई। यह हादसा सचिन क्षेत्र के पाली गांव में डीएन नगर सोसायटी में हुआ। सूचना पर चोर्यासी से बीजेपी विधायक संदीप देसाई, सूरत पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलौत, जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी और नगर निगम के कर्मचारी सभी मौके पर पहुंचे। इसके बाद मुख्य अग्निशमन अधिकारी बसंत पारीक अगुवाई में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीनों और ड्रिलिंग उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। दृश्यता कम होने के कारण शाम के समय फ्लड लाइटों की मदद ली जा रही है।