पूरे देश में इन दिनों कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुई दरिंदगी को लेकर गुस्सा है। इस बीच कोलकाता से एक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है और हैरान कर देने वाली बात तो ये है कि ये घटना किसी आम लड़की के साथ नहीं बल्कि बंगाली एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस पायल मुखर्जी के साथ हुई है। कोलकाता में बाइक सवार ने पायल मुखर्जी की कार पर हमला कर दिया और कार का शीशा मुक्का मारकर तोड़ दिया और फिर अभिनेत्री पर हमला करने की भी कोशिश की। घटना शुक्रवार शाम साउथ कोलकाता के सदर्न एवेन्यू इलाके की है, जिसकी जानकारी खुद पायल मुखर्जी ने दी।अभिनेत्री ने घटना के दौरान ही लाइव स्ट्रीमिंग शुरू कर दी और पूरी घटना बताई। अभिनेत्री की कार पर हमला करते हुए हमलावर ने शीशा तोड़ दिया, जिससे पायल बुरी तरह हिल गईं और रोने लगीं। पायल ने सोशल मीडिया पर इस भयावह घटना की झलक दिखाई। वीडियो में, पायल को उस दर्दनाक के अनुभव को याद करते हुए आंसू पोंछते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि वह अचानक हुए इस हमले से हैरान हैं। घटनास्थल की तस्वीरों में उनकी कार की विंडो का टूटा शीशा भी दिख रहा है। इसी के साथ एक्ट्रेस ने हमलावर की बाइक की डिटेल भी शेयर की है।