‘JMM-कांग्रेस-RJD घुसपैठिया समर्थक’, झारखंड के गढ़वा में बोले पीएम मोदी

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर भाजपा के स्टार प्रचारक और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गढ़वा में चुनावी रैली की है। पीएम मोदी ने झारखंड के गढ़वा में रैली में आए लोगों से कहा कि आपने कुछ महीने पहले दिल्ली में लगातार तीसरी बार भाजपा-एनडीए सरकार बनाई। अब झारखंड में विधानसभा का चुनाव है, हम सभी को मिलकर यहां भाजपा-एनडीए के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बनानी है।

भाजपा का शानदार संकल्प पत्र- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा, झारखंड की सुविधा, सुरक्षा, स्थिरता व समृद्धि की गांरटी के साथ चुनावी मैदान में उतरी है। मैं झारखंड भाजपा को बहुत-बहुत बधाई देता हूं कि कल झारखंड भाजपा ने बहुत ही शानदार संकल्प पत्र जारी किया है। पीएम मोदी ने कहा कि ये संकल्प पत्र रोटी-बेटी-माटी के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के लिए समर्पित है।

पीएम मोदी ने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में विपक्ष की विदाई तय है। पीएम मोदी ने याद दिलाया की भाजपा ने ही अलग झारखंड राज्य का निर्माण करवाया था। कुछ लोग कहते थे कि हमारी छाती पर झारखंड बनेगा। पीएम मोदी ने कहा कि जेएमएम गठबंधन की सरकार ने जनता के साथ धोखा किया है। आपको झामुमो-कांग्रेस सरकार से पूछना चाहिए कि राज्य में अबुआ आवास योजना का क्या हुआ। लोकसभा चुनाव के दौरान, मैंने देश भर में 3 करोड़ नए घर बनाने की गारंटी दी थी। अब बीजेपी झारखंड ने भी 21 लाख नये घर बनाने का संकल्प लिया है। हर गरीब के पास घर हो, ये बीजेपी की गारंटी है।

पीएम मोदी ने रैली में लोगों को छठ महापर्व की बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि इस समय छठ का उत्साह भी चारों तरफ दिख रहा है। मैं छठी मैया की उपासना करने वालों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि झारखंड में ये चुनाव ऐसे समय हो रहे हैं, जब पूरा देश ‘विकसित भारत’ के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहा है यानी आने वाले 25 वर्ष देश और झारखंड के लिए बहुत महत्वपूर्ण  हैं। देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे और झारखंड भी तब 50 वर्ष का होने वाला होगा। मैं आज आप सबका आशीर्वाद मांगने आया हूं। आज झारखंड में हर तरफ एक ही गूंज है,  ‘रोटी-बेटी-माटी की पुकार, झारखंड में भाजपा-एनडीए की सरकार’।

झारखंड के नौजवानों में टैलेंट की कमी नहीं है। ये हमारे झारखंड के बेटे और बेटियां खेल के मैदान में झारखंड का जज्बा दिखाते हैं। झारखंड के युवाओं का सामर्थ्य बढ़े, उन्हें नए अवसर मिलें ये सरकार की जिम्मेदारी होती है, लेकिन जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी ने झारखंड के युवाओं के साथ धोखा ही किया है। इन्होंने (जेएमएम-कांग्रेस) झारखंड के नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था, लेकिन वादा पूरा नहीं किया। भर्तियों में धांधली, पेपर लीक जैसे यहां का उद्योग बन गया है। सिपाही भर्ती के दौरान जेएमएम सरकार की लापरवाही के कारण कई नौजवाओं की दुखद मृत्यु हो गई। अब झारखंड भाजपा ने इस स्थिति को बदलने का निर्णय लिया है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद करीब 3 लाख सरकारी पदों को पारदर्शी तरीके से भरा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights