निर्देशक श्याम बेनेगल का निधन, 90 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

मशहूर फिल्म निर्देशक श्याम बेनेगल ने अपनी फिल्मों से अलग छाप छोड़ी। उनकी कहानियां असल मुद्दों को उठाती थीं और वो हर फिल्म से समाज को संदेश देने की पुरजोर कोशिश करते थे। हिंदी सिनेमा को कई नायाब फिल्में देने वाले निर्देशक श्याम बेनेगल का आज निधन हो गया है। 23 दिसंबर 2024 को उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। 90 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली। बताया जा रहा है कि शाम 6.30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। 

बताया जा रहा है कि वो किडनी से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे थे। लम्बे अर्से से बीमार रहने के बावजूद उन्होंने काम से दूरी नहीं बनाई, वो लगातार नई परियोजनाओं पर काम करते रहे। नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी, स्मित पाटिल और गिरीश कर्नाड जैसे सितारों को श्याम बेनेगल की फिल्मों से ही पहचान मिली। श्याम बेनेगल को भारतीय सिनेमा के सबसे बेहतरीन फिल्म मेकर्स में जगह मिली। 14 दिसंबर 1934 को हैदराबाद में श्याम बेनेगल का जन्म हुआ था। वो फेमस एक्टर और फिल्म मेकर गुरु दत्त के कजिन भाई थे। बेनेगल को साल 1976 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्हें साल 1991 में पद्म भूषण भी मिला। साल 2005 में सर्वोच्च फिल्म पुरस्कार दादा दादा साहब फाल्के अवॉर्ड से भी नवाजे गए।

श्याम बेनेगल ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत ‘अंकुर’ से की। इस फिल्म में अनंत नाग और शबाना आजमी लीड रोल में थे। इस फिल्म को लोगों ने काफी पसंद किया। इसके बाद ‘निशांत’ रिलीज हुई और इसके निर्देशन ने श्याम बेनेगल के करियर ग्राफ को एक झटके में उठा दिया। ये फिल्म 1975 की सबसे चर्चित और क्रिटिक्स की सराहना बटोरने वाली फिल्म रही। साल 1976 के कान फिल्म समारोह में पाल्मे डी’ओर के लिए इस फिल्म ने नामांकन भी अर्जित किया। गिरीश कर्नाड, शबाना आजमी, अनंत नाग, अमरीश पुरी, स्मिता पाटिल और नसीरुद्दीन शाह जैसे दिग्गजों ने इस फिल्म में चार चांद लगा दिए थे। श्याम बेनेगल की बेहतरीन फिल्मों में ‘मंथन’, ‘भूमिका’, ‘मार्केट प्लेस’, ‘जुनून’, ‘जुबैदा’, ‘द मेकिंग ऑफ महात्मा’ और ‘सरदारी बेगम’ जैसी कई मूवीज हैं। 

बता दें, हाल ही में श्याम बेनेगल ने अपना 90वां जन्मदिन सेलिब्रेट किया। इस खास मौके पर फिल्मी दुनिया के कई दिग्गज इसमें शामिल हुए। एक्ट्रेस शबाना आजमी ने इसकी झलक भी अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा की है। इस तस्वीर में श्याम बेनेगल उनके बगल कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं। उनके ठीक पीछे नसीरुद्दीन शाह भी खड़े दिख रहे हैं। तीनों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिल रही है। इस तस्वीर को पोस्ट करते हुए शबाना आजमी ने कैप्शन में लिखा, ‘श्याम बेनेगल के 90वें जन्मदिन पर कई फिल्मों में मेरे सह-अभिनेता और मेरे पसंदीदा अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के साथ। ज्यादा लोग हमें साथ में कास्ट क्यों नहीं कर रहे हैं?’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights