भारतीय जनता पार्टी के नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने बुधवार को एक बड़ा बयान दिया। चंपई ने कहा कि अगर तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड को अलग राज्य नहीं बनाया होता तो प्रदेश के लोगों को कई वर्षों तक इंतजार और संघर्ष करना पड़ता। उन्होंने कहा कि ऐसा न होने पर शायद सूबे के लोगों को ज्यादा बलिदान भी देना पड़ता। वाजपेयी को उनकी 100वीं जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा कि वाजपेयी ने तत्कालीन अविभाजित बिहार की RJD सरकार के कड़े विरोध के बावजूद अलग झारखंड बनाने का अपना वादा पूरा किया था।
चंपई सोरेन ने कहा, ‘सन 1999 में अटल जी चुनावी सभा को संबोधित करने दुमका आए थे। उसमें अटल जी ने कहा था- आप मेरी सरकार बनवाएं, मैं आपको अलग राज्य का तोहफा दूंगा। बीजेपी की सरकार बनने के बाद अटल बिहारी वाजपेयी जी ने पृथक झारखंड राज्य की घोषणा करके झारखंड की जनता के कई दशक पुराने आंदोलन को सम्मान दिया। अगर अटल जी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार झारखंड नहीं बनाती तो शायद हमें इस राज्य के लिए कई वर्षों या फिर दशकों का इंतजार तथा संघर्ष करना पड़ता। शायद उस बीच कितने लोगों को बलिदान भी देना पड़ता।’