महाराष्ट्र में कांग्रेस अकेले लड़ सकती है लोकल बॉडीज का चुनाव, पार्टी नेता नसीम खान का बड़ा बयान

महाराष्ट्र में बीएमसी समेत अन्य लोकल चुनाव कांग्रेस अपने बल पर लड़ सकती है। सीनियर कांग्रेस नेता नसीम खान ने कहा कि महाविकास आघाड़ी और इंडिया गठबंधन देश में लोकतंत्र बचाने के लिए बनी थी और आज भी अपने अस्तित्व में हैं। लेकिन जहां तक लोकल बॉडीज के चुनाव की बात है तो हर पार्टी चाहती है कि वह अपने कार्यकर्ताओं के लिए अकेले लड़े। कांग्रेस में भी कार्यकर्ताओं की यही मांग है कि हमें इस चुनाव में अकेले अपने दम पर जाना चाहिए। 

नसीम खान ने कहा कि इससे पहले भी जब हम शरद पवार की एनसीपी के साथ 15 सालों तक गठबंधन में थे तब भी लोकल बॉडीज के चुनाव हम अकेले ही लड़ते थे और इस बार भी हमें लगता है कि वही ठीक होगा और लोकल बॉडीज का चुनाव हम अपने स्तर पर ही लड़ेंगे। हालांकि इसका फैसला कांग्रेस हाई कमान करेगा लेकिन महाराष्ट्र में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओ की इच्छा है कि हम लोकल बॉडी का चुनाव अपने स्तर पर लड़ें।

उन्होंने कहा कि संजय राउत और शिवसेना के अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद हमने कोई सोच नहीं बदली बल्कि कांग्रेस में यह सोच विधानसभा चुनाव से पहले से ही थी की लोकल बॉडीज का चुनाव हमें अकेले लड़ना चाहिए। शरद पवार ने बिल्कुल ठीक कहा है कि इंडिया गठबंधन हो या फिर महा विकास आघाडी हो इसे लोकसभा और विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बनाया था।

नसीम खान ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव की स्थिति बिल्कुल अलग है। अगर आम आदमी पार्टी अकेले लड़ना चाहती है तो ठीक है।  अगर वहां गठबंधन नहीं हुआ है तो ठीक है। हम भी अलग चुनाव लड़ रहे हैं क्योंकि हमें लड़ना है। हम एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल भी हैं। लेकिन अगर गठबंधन होता तो अच्छी बात होती और हम वहां जीतने के लिए ही चुनाव लड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights